किशुनगंज। कंधई थाना क्षेत्र के तिगुड़ी गांव से एक किशोरी को बाइक सवार जबरन उठा ले गए। शोरशराबा सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
तिगुड़ी गांव की एक युवती का विवाह आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पूरे दलपत शाह के युवक से हुआ था। पति से अनबन के नाते पत्नी मायके में रहने लगी। मंगलवार की रात करीब दस बजे बाइक से तीन लोग गांव पहुंचे। इसमें युवती का पति भी था। ससुराल के बाहर रुकने के बाद पत्नी की चचेरी बहन को वह जबरन बाइक पर बैठाने लगा। उसकी चीख सुनकर परिजन दौड़े लेकिन बाइक पर उसे बैठाकर दो लोग फरार हो गए।
इस बीच तीसरा युवक पैदल ही भागने लगा। उसे ग्रामीणों ने धर दबोचा। पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे कर्रा किया तो वह टूट गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रात में ही किशोरी की तलाश में दबिश दी लेकिन वह नहीं मिली। इस बाबत एसओ रामनरेश यादव का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है। किशोरी की तलाश में पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव बुधवार की शाम कंधई थाने पहुंचे। अभिलेखों के रखरखाव के साथ ही लंबित शिकायतों की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में चोरी की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। विवेचनाओं के साथ ही शिकायती पत्रों की जांच कर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले दरोगाओं और सिपाहियों को एसपी ने फटकार भी लगाई।