कलेक्ट्रेट सभागार में टीजीटी परीक्षा को लेकर बैठक करते सीआरओ अजय कुमार तिवारी। सूचना विभाग
जनपद में बुधवार व बृहस्पतिवार को 33 केंद्रों पर चार पालियों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
सुबह 7.15 से 8.45 बजे तक परीथार्थियों को केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जाएगा। प्रथम पाली में सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक व द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक परीक्षा होगी। दो दिन की चार पालियों की परीक्षा में 41341 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि जनपद में टीजीटी परीक्षा 33 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सीआरओ ने सभी अफसरों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ड्यूटी में लगे अधिकारियों से कहा कि एक दिन पूर्व समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें और जो भी कमियां पाई जाएं उसे दुरुस्त करा लें। बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी सरोज मौजूद रहे।