प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग स्थित मकूनपुर बाजार के समीप सोमवार की सुबह करीब नौ बजे निजी बस में फंसकर मोपेड सवार बुजुर्ग सौ मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, बस का खलासी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोहड़ौर के बरासराय निवासी मेहंदी हसन (60) दर्जी का काम करते थे। सोमवार की सुबह नौ बजे मेहंदी हसन मोपेड लेकर घर से मकूनपुर स्थित दुकान के लिए निकले। करीब नौ बजे हाईवे पर पहुंचते ही मकूनपुर बाजार के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस मोपेड से टकरा गई और मेहंदी बस के अगले हिस्से फंस गया।
मौके पर मौजूद लोग बुजुर्ग को बचाने को दौड़ तो बस चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। बस में फंसे बुजुर्ग करीब सौ मीटर दूर तक घिसटते चले गए। घटनास्थल पर ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने दौड़कर बस को रोक लिया। वहीं, चालक के अचानक ब्रेक लगाने से खलासी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। खलासी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने बस को कब्जे लिया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक फरार हो गया।