नगर कोतवाली में लूट की कोशिश और रानीगंज में युवती की चेन छीनकर भागे तीन बदमाशों को पुलिस की दस टीमें तीसरे दिन भी नहीं खोज सकीं। पुलिस टीमें घटनास्थल के आसपास पांच घंटे पहले की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं हैं।
नगर कोतवाली के गोपालापुर में संगम इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिका रेनू सिंह से चेन व पर्स छिनैती में नाकाम तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बाइक चला रहे शिक्षक साथी प्रदीप मिश्रा पर फायरिंग की थी। इन्हीं बदमाशों ने रानीगंज के बीजेमऊ पहुंचकर अस्पताल से घर लौट रही प्रियंका की चेन छीन लिया। इसके बाद जौनपुर की ओर भाग निकले।
रानीगंज व नगर कोतवाली के पुलिसकर्मियों की पांच-पांच टीमें बदमाशों की तलाश कर रही हैं। उनकी लोकेशन जौनपुर की ओर मिली थी लेकिन वहां भी पुलिस को नाकामी हाथ लगी। शुक्रवार की रात पुलिस टीम जनपद की सीमा से लगे प्रयागराज क्षेत्र में भी बदमाशों का सुराग लगाती रही कामयाबी नहीं मिली। पुलिस की कई टीमें घटना से पहले आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। ताकि उनका चेहरा खुला मिल जाए। इसके लिए नगर कोतवाली व रानीगंज पुलिस को लगाया गया है। रानीगंज सीओ विनय प्रभाकर साहनी का कहना है कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।