फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालाब में साथियों संग नहाने गए किशोर की डूबने से मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
लालगंज। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। मृतक तीन दिन पहले घूमने के लिए ननिहाल आया था।
विज्ञापन

लालगंज कोतवाली के पूरे बनवारी लालूपुर निवासी अरविंद ओझा का चौदह वर्षीय पुत्र शशांक तीन दिन पहले अपने ननिहाल कृष्णधर शुक्ल के घर रामपुर बावली के गोविंदपुर आया था। सोमवार को वह गांव के कुछ लड़कों के साथ तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। यह देख साथ रहे दोस्त शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शशांक को किसी तरह बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह देख परिवारीजन बिलखने लगे। दोपहर बाद अंतिम संस्कार के लिए मानिकपुर रवाना हो गए।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी पर केस
लालगंज। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। लालगंज कोतवाली के एक गांव की बीस वर्षीय युवती का आरोप है कि रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली के मोबिन का पुरवा निवासी नीरज सरोज उसके घर के समीप रिश्तेदारी में अक्सर आता-जाता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत होने लगी। नीरज ने उससे शादी करने की बात कहकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। संवाद
विज्ञापन

लाखों रुपये हड़पने के आरोपी पर केस
लालगंज। जमीन बिक्री के नाम पर दस लाख रुपये हड़पने के मामले में आरोपी पर केस दर्ज कराया गया है। मानिकपुर थाना क्षेत्र के जाखा निवासी कीर्ति तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि लालगंज के देवली निवासी उपेंद्र नारायण पांडेय ने उसके पति अनिल तिवारी को भूदान समिति की जमीन विक्रय के लिए दिखाकर अलग-अलग तारीखों में दस लाख रुपये हड़प लिए। बाद में भूदान की जमीन होने की जानकारी होने पर पीड़िता ने रुपये मांगे तो उसने लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद
कागज पर फर्जीवाड़ा कर समितियों का कर दिया गठन
लालगंज। सदस्यों का कोरम पूरा किए बिना ही ग्राम पंचायत की फर्जी समितियों को गठन कर लिया गया। सचिव व प्रधान की मिलीभगत से बिना बैठक फर्जीवाड़ा करने से ग्राम पंचायत सदस्यों में आक्रोश पनप उठा है। अफसरों से मामले की शिकायत करते हुए फर्जी समितियों के गठन को निरस्त करते हुए अधिकारियों की देखरेख में दोबारा बैठक कराने की मांग की गई है।
रामपुर-संग्रामगढ़ विकास खंड की खंडवा ग्राम सभा के आठ ग्राम पंचायत सदस्यों ने मुख्य सचिव, डीएम, डीपीआरओ व बीडीओ को शिकायती पत्र भेजकर कहा है कि बीते 27 मई को गांव के प्राथमिक विद्यालय में समितियों के गठन के लिए बैठक बुलाई गई थी। कोरम पूरा नहीं होने के कारण बिना किसी कार्रवाई के इसे स्थगित कर दिया गया। बाद में प्रधान व सचिव ने मिलीभगत कर खेल करते हुए फर्जी तरीके से समितियों का गठन कर लिया। शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत सदस्य रामकृपाल, सजनलाल, राजकुमारी, चंद्रभान, प्रेमकली, रामअंजोर व नीलम का आरोप है कि 27 मई के बाद जब दूसरी बैठक नहीं बुलाई गई तो फर्जी समितियों का गठन कर ग्राम पंचायत के खाते का संचालन कैसे कर दिया गया। आरोप है कि कागज पर हेरफेर करते हुए सचिव व प्रधान ने मिलीभगत कर फर्जी तरीके से समितियों को गठन कर लिया। सदस्यों ने अफसरों को दिए शिकायती पत्र में फर्जी समितियों का गठन करने वाले सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जनता के हक की आवाज बने यूथ कांग्रेस
सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद व विधायक मोना यूथ कांग्रेस की बैठक में हुए शामिल
लालगंज। नगर स्थित कैंप कार्यालय पर सोमवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती व युवा अधिकारों को लेकर आवाज उठाई। यूथ कांग्रेस की नवगठित जिला समिति की विशेष रणनीतिक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने युवाओं से मजबूत भारत के निर्माण में रचनात्मक भूमिका के निर्वहन का आह्वान किया। उन्होंने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कि यूथ कांग्रेस देश के विकास व आम आदमी की सुरक्षा तथा रोजगार के क्षेत्र में अब तक की सबसे विफल भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के खिलाफ मुखर आवाज बने।
विशिष्ट अतिथि विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार के हर कदम पर जनता से छलावे के कारण आज उत्तर प्रदेश में भी विकास ठप हो गया है। वहीं कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी होने से लोग खौफजदा हैं। उन्होंने यूथ कांग्रेसियों से कहा कि जनता की हक की आवाज के लिए उन्हें आगे आना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश यूथ कांग्रेस महासचिव व जिलेे के प्रभारी मो. आदिल व संचालन यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद मिश्र ने किया। इससे पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी व विधायक मोना का सारस्वत सम्मान किया गया। इस मौके पर अजीत सिंह, रामू मिश्र, अवधेश सिंह, सुरजीत कोरी, अनिल तिवारी आदि मौजूद रहे। बैठक में शामिल होने के पश्चात पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना ने बेलहा गांव पहुंचकर बिजली की चपेट में आने से मृत छात्र प्रियम सिंह के परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें