लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर भुवालपुर गांव के करीब ईयरफोन लगाकर बाइक चला रहे नगर कोतवाली के चक्काजी सिटी निवासी शैलेंद्र अग्रहरि (17) की हादसे में मौत हो गई। चालक के अचानक ब्रेक लगा देने के कारण वह पीछे से बस से टकरा गया। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में बस में सवार यात्रियों को भी चोटें आईं।
चक्काजी सिटी निवासी शैलेंद्र अग्रहरि रविवार सुबह आलू लेने के लिए बाइक से कोल्ड स्टोरेज की ओर जा रहा था। उसने ईयरफोन लगा रखा था। वह बाइक लेकर भुवालपुर के करीब पुराने सिनेमाघर के पास पहुंचा। तभी भुपियामऊ की ओर आगे जा रही प्राइवेट बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे शैलेंद्र बस से टकरा गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
आसपास के लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। जबकि चालक बस लेकर भाग निकला। बस की सवारियां भी घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस को चालक के खिलाफ तहरीर दी है।