चार माह पूर्व हुई मारपीट में घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने लिखा पढ़ी शुरू कर दी।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के कुसाहिल बाजार गांव निवासी सोहनलाल के भाई पन्नालाल से कटहल तोड़ने को लेकर मारपीट हो गई थी। जिसमें सोहनलाल की 17 वर्षीय बेटी सुषमा घायल हो गई थी। परिजन उसका उपचार प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में करा रहे थे। जहां पर इलाज के दौरान सोमवार की रात सुषमा की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव घर पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। वे लोग हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी, शव उठने नहीं दिया जाएगा। घंटों मशक्कत के बाद समाजसेवी संजय जायसवाल ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस बाबत इंस्पेक्टर जयचंद्र भारती का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।