अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को शव देने से इंकार कर दिया। हंगामे की खबर सीओ लालगंज मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को समझाबुुझाकर शांत कराया। जिसके बाद ग्रामीणों ने दो घंटे बाद किशोर के शव को पुलिस के हवाले किया।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ननौती कन्हई पांडेय का पुरवा निवासी आयुष कुमार पांडेय (17) पुत्र अजेंद्र कुमार पांडेय बृहस्पतिवार को अपने बड़े भाई अनुज कुमार पांडेय के साथ स्कूटी से मंगापुर में आयोजित रामचरित मानस में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में बड़हुआ के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रैक्टर ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और सवार आयुष ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आनन फानन में गंभीर रूप से अनुज को सांगीपुर सीएचसी ले जाया गया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
उधर किशोर की मौत की जानकारी मिलने पर रोते बिलखते परिजनों संग ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज ग्रामीण ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीण हंगामा करते हुए शव को चालक की गिरफ्तारी तक उठाने से इनकार कर बैठे। जानकारी मिलने पर सीओ लालगंज जगमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए तैयार किया। जिसके चलते पुलिस दो घंटे बाद शव को कब्जे में ले सकी। पुलिस मौके से ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश में जुट गई।
आक्रोश देख पहुंच गई तीन थानों की फोर्स
ट्रैक्टर की चपेट में आने से किशोर की मौत की जानकारी पर परिजनों के साथ ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा। चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने मौके से शव उठाने से इंकार कर दिया। आक्रोशित लोग रोड जाम करने की तैयारी करने लगे। उदयपुर पुलिस मामला बेकाबू होता देख सीओ को सूचना दी। सूचना पर सीओ जगमोहन सिंह लालगंज व सांगीपुर थाने की फोर्स के साथ पहुंच गए। बाद में पुलिस की मान मनौवल के बाद ग्रामीणों शव को पुलिस को देने को तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
वाहन की चपेट में आने से रिश्तेदारी आए युवक की मौत
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मऊआईमा निवासी इकलाद अहमद की मौत हो गई। अचानक सामने मवेशी के सामने आने से हादसा हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रयागराज के मऊआईमा इस्लाम नगर निवासी इकलाद अहमद (42) अपनी मां के साथ रिश्तेदार के घरउदयपुर थाना क्षेत्र के कुंभीआइमा निवासी उम्मीद अहमद के यहां आया था। बृहस्पतिवार को वह रिश्तेदार के चाचा के साथ बाइक से मऊआईमा जाने के लिए लालगंज आ रहा था।
लालगंज कोतवाली के लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर वर्मा नगर चौराहे के समीप अचानक सामने मवेशी आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकराकर पलट गई। हादसे में इकलाद अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में मृतक की मां भी चुटहिल हो गई। हादसे में बाद चालक अज्ञात वाहन समेत भाग निकला।
घटना की जानकारी पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के रिश्तेदार कुंभीआईमा निवासी उम्मीद अहमद की तहरीर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।