दांदूपुर स्टेशन अब मां वाराही देवी धाम के नाम से होगा। शासन से नाम परिवर्तित करने की अनुमति मिल गई है। इससे 51 शक्तिपीठों में एक मां वाराही देवी धाम को पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
रानीगंज तहसील क्षेत्र में चौहर्जन गांव में मां वाराही देवी धाम स्थित है। पौराणिक मान्यता के अनुसार मां वाराही देवी धाम 51 शक्तिपीठों में से एक है। मां का उल्लेख दुर्गा सप्तशती में भी मिलता है। मां वाराही आयु की रक्षा करती है।
शारदीय नवरात्र व वासंतिक नवरात्र में देवीधाम में भक्तों का सैलाब उमड़ता है। गैरजनपदों व महानगरों से भी लोगों का आगमन होता है। रानीगंज बाजार के समीप लखनऊ- वाराणसी रेलमार्ग पर दांदूपुर स्टेशन है। यहां से मां वाराही देवी धाम की दूरी महज 8 किमी है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दांदूपुर स्टेशन का नाम परिवर्तित कर मां वाराही देवी धाम करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर शासन ने अनुमति दे दी है। रानीगंज विधायक धीरज ओझा ने दांदूपुर स्टेशन का नाम परिवर्तित कर मां वाराही देवी धाम के नाम किए जाने पर सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है। इधर सांसद संगम लाल गुप्ता ने भी दांदूपुर का नाम मां वाराही देवी धाम किए जाने पर खुशी जताई है।