पूरेवंशी गांव की किशोरी को बाइक सवार उचक्कों ने पीटकर निर्माणाधीन सेफ्टी टैंक में धकेल दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
लालगंज कोतवाली के पूरेवंशी निवासी विमलचंद्र मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी शुक्रवार की रात अपनी मां के पास सो रही थी। सुबह वह बिस्तर से नदारद मिली। काफी खोजबीन के बाद किशोरी पीजी काॅलेज के पीछे घर से कुछ दूर निर्माणाधीन सेफ्टी टैंक में मिली।
ग्रामीणों की मदद पुलिस ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह पांच बजे सुबह शौच के लिए गई थी। इसी बीच बाइक सवार दो उचक्के पहुंचे और उसके साथ मारपीट की और टैंक में धक्का दे दिया। पुलिस ने किशोरी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। लालगंज कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।