क्षेत्र के लोहंगपुर में बृहस्पतिवार की शाम शौच के लिए निकले आशीष सरोज की नाले में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को अमेठी से आए गोताखोरों ने उसे खोज निकाला। शव देखते ही परिजन रोने बिलखने लगे।
लालगंज कोतवाली के लोहंगपुर निवासी हरिशचंद्र सरोज कामकाज के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। उनके 17 वर्षीय पुत्र आशीष सरोज भी दिल्ली में रहकर इंटर की पढ़ाई करते थे। गत दिनों हरिशचंद्र के पिता की मौत हो गई। बाबा के निधन पर आशीष घर में हो रहे क्रियाकर्म में शामिल होने आया था।
बृहस्पतिवार की देर शाम वह अपने चचेरे भाई दीपक के साथ गांव के पास एक नाले के समीप शौच के लिए गया था। इस दौरान आशीष का पैर अचानक फिसल गया। जिससे वह नाले में गिरकर गहरे पानी में डूबने लगा। दीपक की चीखपुकार मचाने पर परिजन व ग्रामीण पहुंचे। काफी देर तक खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। इस बीच लालगंज पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
फायर बिग्रेड की टीम ने भी नाले में डूबे आशीष की खोजबीन का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने अमेठी से गोताखोरों को बुलवाया। गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद करीब सवा नौ बजे केदौरा गांव स्थित अंत्येष्ठि स्थल के करीब नाले में गिरे पेड़ में फंसे आशीष के शव को खोज निकाला। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि परिवार के लोगों ने कोई शिकायत नहीं की।
मुंह से बह रहा था खून
घटना को लेकर ग्रामीण भी चर्चा करते रहे। लोगों का कहना है कि मृतक आशीष के मुंह से खून निकल रहा था। नाले में पानी का बहाव भी कम था। ऐसे में वह इतनी दूर कैसे बहकर पहुंच गया। हालांकि पुलिस कहती रही कि पेड़ से टकरावे के बाद मुंह से खून निकल सकता है।
तालाब में मिला युवक का शव
लालगंज। कोतवाली के अझारा वार्ड निवासी 42 वर्षीय राजेश कुमार सरोज बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम उसके घर न लौटने पर परिजन खोजबीन करने लगे। इस बीच युवक का शव गांव स्थित तालाब के गहरे पानी में मिला। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता था। उसके दो पुत्र गोविंद व रवींद्र व बेटी करिश्मा है। पत्नी शिवकुमारी रोते हुए बेसुध हो जाती रही।