ालगंज के धारूपुर गौखड़ी में बदमाशों की गोली से घायल दुकानदार श्यामलाल वर्मा।
- फोटो : PRATAPGARH
लालगंज इलाके में बुधवार रात दुकान बंदकर पत्नी के साथ घर लौट रहे चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंधेरे में वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। घटना को लेकर जमीन विवाद की बात सामने आ रही है।
लालगंज के गौखाड़ी धारूपुर निवासी श्यामलाल वर्मा (50) ने गांव के समीप सई नदी पुल के पास चाय-पान की दुकान खोल रखी थी। बुधवार की रात सवा आठ बजे वह दुकान बंदकर पत्नी प्रमिला के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में अंधेरे में किसी ने श्यामलाल को गोली मार दी। गोली उसकी दाहिनी आंख के नीचे लगी। शोरशराबा व फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
तब तक हमलावर वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे लेकर लालगंज सीएचसी पहुंची। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी पश्चिमी दिनेश मौके पर पहुंचे। गोली किसने मारी, इस बारे में कोई कुछ बता नहीं पा रहा है। एएसपी दिनेश ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। वजह का अभी पता नहीं चल सका है। जमीन विवाद की कुछ बात सामने आ रही है।