प्रतापगढ़। लॉकडाउन में प्रभावित कामगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए बिना ब्याज का कर्ज दिया जाएगा। बैंकों से मिलने वाली वित्तीय सहायता के एवज में ब्याज की रकम विभाग चुकता करेगा। शिक्षित बेरोजगारों को स्वरोजगार से प्रेरित करने के लिए यह योजना बनाई गई है।
जिले में बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए अब महिलाओं और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बगैर ब्याज के कर्ज मुहैया कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत अधिकतम दस लाख रुपये का ऋण मुहैया कराया जाएगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को चार प्रतिशत ब्याज चुकता करना होगा, जबकि अन्य लोगों को कोई ब्याज नहीं देना होगा। खादी ग्रामोद्योग अधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन करके अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं।