आज आएंगे जीएम, स्टेशन चमकाने में जुटे रहे अफसर
- फोटो : प्रतापगढ़
शनिवार को रेल महाप्रबंधक के आने की खबर से रेल अधिकारियों में खलबली मच गई है। लखनऊ से लेकर स्थानीय रेल अफसर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने में जुट गए हैं। स्टेशन चमकाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। शुक्रवार को दिनभर स्टेशन पर मरम्मत कार्य और खामियों को छिपाने के लिए प्रयास चलता रहा। जीएम को खुश करने के लिए प्लेटफार्म और वाशिंग लाइन का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
दिल्ली से रेल महाप्रबंधक तेजप्रताप सिंह शनिवार को निरीक्षण के लिए प्रतापगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान वह चिलबिला और प्रतापगढ़ जंक्शन के कार्योँ की समीक्षा करेंगे। प्रतापगढ़ में निरीक्षण के बाद वह प्रयागराज रवाना होंगे। रेलवे के सूत्रों की मानी जाए तो रेल महाप्रबंधक भिलमपुर स्थित क्रासिंग पर भी रुक सकते हैं। वहीं रेल महाप्रबंधक के आने की खबर मिलते ही अफसरों और कर्मचारियों के पसीने छूटने लगे हैं।
वहीं कार्यदायी संस्था भी बेहतर करने का प्रयास में जुट गई। खामियों को छिपाने के लिए स्टेशन पर तेजी से मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया। जिससे किसी तरह की शिकायत उनके सामने न आए। स्टेशन परिसर को चमकाने के लिए रंगाई-पुताई के साथ ही यात्री सुविधाओं को भी चाक चौबंद किया जा रहा है। वाशिंग लाइन के साथ चार व पांच नंबर के प्लेटफार्म का निर्माण कार्य भी आननफानन में शुरू कर दिया गया है।
भिलमपुर, चांदपुर में रुक सकते हैं जीएम
प्रतापगढ़ व चिलबिला जंक्शन के निरीक्ष्ण के बाद जीएम भिलमपुर और चांदपुर में निरीक्षण के लिए रुक सकते हैं। दरअसल, भिलमपुर में मानव रहित क्रासिंग को क्रांसिंग में परिवर्तन किए जाने की जांच के साथ ही चांदपुर में प्रस्तावित क्रांसिंग की भी जांच करेंगे।
दर्जनों गांवों के लोग जीएम से करेंगे क्रासिंग की मांग
प्रतापगढ़-प्रयागराज रेलमार्ग किनारे पड़ने वाले बबुरहा, धारूपुर, राजगढ़, दानपुर, सतैसा, दानपुर, खजोहरी, भदोही समेत दर्जनों गांवों के लोग भिलमपुर क्रासिंग पर रेल महाप्रबंधक से मुलाकात करेंगे। बबुरहा गांव में क्रासिंग या फिर मानव रहित क्रासिंग की मांग करेंगे। लोगों का कहना है कि क्रासिंग न होने के कारण छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर रेलमार्ग पार कर जाना पड़ता है।