शहर के विवेक नगर स्थित होटल ग्रैंड पैलेस में मकसूद ने युवती को बुलाने के लिए तीन बार कमरा बुक किया था। युवती संग दुष्कर्म व ब्लैकमेल का केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने होटल मैनेजर को साजिश का आरोपी पाया। बृहस्पतिवार को लिखापढ़ी के बाद उसे जेल भी भेजा गया। हालांकि अभी भी घायल मकसूद का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर के रहने वाले मकसूद (23) ने सोमवार को कोहंडौर इलाके की रहने वाली दूसरे समुदाय की एक युवती को होटल में बुलाया था। युवती के पहुंचते ही पीछे से आए दर्जनभर लोगों ने दरवाजा तोड़कर मकसूद को कमरे से लेकर सड़क तक बेरहमी से पीटा। जिससे वह अधमरा हो गया।
अभी तक पुलिस अभिरक्षा में उसका प्रयागराज में इलाज चल रहा है। घटना के दिन ही युवती ने मकसूद पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने की तहरीर दी। पुलिस ने दूसरे दिन केस दर्ज कर लिया। होटल का लाइसेंस न होने की दशा में एसडीएम सदर नैन्सी सिंह, सीओ सिटी शिवनारायण वैश ने होटल सील करा दिया।
घटना की विवेचना कर रहे अपराध निरीक्षक प्रभात सिंह ने बृहस्पतिवार को होटल पहुंचकर होटल में पहुंचकर क्राइम सीन की फोटो और वीडियोग्राफी कराई। रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के दौरान यह पाया गया कि कंधई के ताला निवासी मैनेजर सुहान खान ने जून में मकसूद को तीन अलग-अलग आईडी पर तीन बार कमरा दिया था।
मकसूद ने कोहंडौर की उसी युवती से मिलने के लिए कमरा बुक कराया था। विवेचक ने होटल से पांच रजिस्टर बरामद करने के बाद मैनेजर सुहान को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मकसूद की बेरहमी से पिटाई करने वाले एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। उसकी मां ने सात नामजद व 8-9 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मारपीट करने वाले जिन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन्हें मुचलके पर दूसरे दिन ही छोड़ दिया गया।
बयान का किया अवलोकन
युवती का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने बुधवार को ही न्यायालय में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने उसके कलमबंद बयान का अवलोकन किया।