घर से निकले युवक का शव नदी में मिलने की घटना में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। परिजनों ने आर्थिक सहायता, लाइसेंस और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। पुलिस नामजद आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
लीलापुर थाना के बासूपुर पौड़िया निवासी अंकुर उर्फ मोहित तिवारी का शव मंगलवार को दादूपुर रनसिंह गांव के समीप सई नदी में उतराया मिला था। युवक रविवार की शाम घर से निकला था और नहीं लौटा। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर देर रात मृतक के परिजन थाने पहुंचे और गांव के एक युवक व विवाहिता को नामजद करते हुए हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया।
इसके साथ ही पीडि़त परिवार में तीस लाख सहायता, शस्त्र लाइसेंस व हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। हालांकि एसओ मनोज पांडेय ने मांग पत्र मिलने से इन्कार किया है। उधर परिजनों का आरोप है कि पुलिस तहरीर देने के बाद भी आरोपियों को जेल नहीं भेज रही है।
इधर बुधवार को परिजन शव पोस्टमार्टम हाउस से आने के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। लालगंज सीओ आशुतोष मिश्र ने बताया कि गांव में फोर्स एहतियातन तैनात की गई है। नामजद आरोपियों को पूछताछ हो रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।