विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को एसएन कॉन्वेंट स्कूल छितपालगढ़ में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। 75 रोगियों की जांच और मुफ्त में इलाज किया गया। साथ ही क्रोध, अवसाद, एकाग्रता की कमी समेत कई अन्य मानसिक रोग से बचाव के तरीके बताए गए।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. अवनीश कुमार ने बताया कि लंबे समय से नींद न आना, चिड़चिड़ापन, घबराहट, उदासी, स्मृति नाश की अनुभूति होना जैसे मनोविकार हैं तो चिकित्सक से इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि मानसिक विकार का मुख्य कारण अनियमित दिनचर्या, भागदौड़ वाली जीवनशैली, गलत खान पान, मित्र मंडली की कमी, बेरोजगारी, मोबाइल स्क्रीन, लैपटॉप का अधिक प्रयोग करना है। शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक स्वास्थ्य के लिए संतुलित, पौष्टिक आहार, सदविचार, नियमित आठ घंटे की पर्याप्त नींद, परिजनों के साथ आत्मीय संवाद के साथ नियमित योग करना चाहिए। जरूरत पड़े तो औषधियों में अश्वगंधा, तुलसी, ब्राह्मी, शंखपुष्पी, मुलेठी का सेवन करें।