प्रतापगढ़। गोयल रेजीडेंसी होटल में शुक्रवार भोर में लगी आग से दस लोगों की मौत के बाद शनिवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने शहर के कई होटलों में छापा मारा। होटलों की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा के उपायों की जांच की गई। भवन के नक्शे को लेकर भी पूछताछ की गई। प्रशासन की कार्रवाई से होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सबसे पहले अधिकारी होटल गोयल रेजीडेंसी के बगल स्थित स्नेह होटल पहुंचे। यहां सुरक्षा के उपायों का जायजा लेने के साथ फायर किट, बिजली के कंट्रोलरूम और अंदर-बाहर जाने के रास्तों को देखा। इसके बाद अफसर बाबागंज स्थित सिद्घार्थ होटल पहुंचे। यहां भी प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच की। कई अन्य होटलों में भी छापेमारी की गई। इस दौरान कमरों में खिड़की, दरवाजा और सीढ़ियों की जांच की गई। छापेमारी में एसडीएम सदर जेपी मिश्र, सीओ सिटी एमपी सलोनिया, शहर कोतवाल अनिल कुमार आदि शामिल रहे।
सीओ सिटी एमपी सलोनिया ने बताया कि होटल स्नेह भी मानक के अनुरूप नहीं बना है। यहां पार्किंग नहीं है। होटल में कभी हादसा हो गया तो बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि स्नेह होटल चर्चित नाम है। सिद्घार्थ होटल में न तो भागने का कोई रास्ता है और न ही फायर किट मिली। नक्शे के अनुरूप नहीं बना है। होटल के सामने पार्किंग स्थल बना हुआ है। होटलों की जांच करने के बाद रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।