संडवाचंद्रिका। कालेज पढ़ने गई छात्रा को युवक अगवा कर ले गया। इसे लेकर इलाके में तनाव है। काफी दबाव पड़ने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अंतू थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा साहबगंज के पास स्थित एक कालेज में पढ़ती है। आरोप है कि कालेज आने-जाने के दौरान गौराडांड का रहने वाला युवक मो. समीर पुत्र अलाद्दीन अक्सर उसे तंग करता था। बाद में उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। 31 दिसंबर को छात्रा कालेज पढ़ने गई थी।
रास्ते से समीर उसे उठा ले गया। परिजनों ने उसकी तलाश करते हुए पुलिस से शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज करने के बजाए पुलिस तालमटोल करती रही। आरोप है कि अंतू पुलिस ने छात्रा के परिजनों को शनिवार की रात बुलाकर दबाव बनाया। रविवार को छात्रा के पिता की तहरीर पर समीर व उसके माता-पिता और साथ पढ़ने वाली छात्रा कोमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तनाव को देखते हुए पुलिस कोमल के पिता को थाने उठा लाई। अंतू थानाध्यक्ष प्रवीण कुशवाहा का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। दोनों बालिग हैं। उनकी खोजबीन की जा रही है। संवाद
किराने की दुकान का ताला तोड़कर चोरी
रखहा। किराने की दुकान का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान व पांच हजार रुपये समेट ले गए। कंधई थाना क्षेत्र के मो. सिद्दीक ने चिलबिला-पट्टी मार्ग पर खभोर गांव के पास किराने की दुकान खोल रखी है। शनिवार रात चोर शटर का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये, दाल, बीड़ी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। संवाद
डकैती का खुलासा न होने पर होगा कोतवाली का घेराव
प्रतापगढ़। आल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष के घर हुई डकैती की निंदा की है। उन्होंने कहा कि संगठन के अध्यक्ष के घर डकैती पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से मृतप्राय हो चुकी है। यदि जल्द से जल्द खुलासा न हुआ तो अधिवक्ता कोतवाली का घेराव करेंगे। उन्होंने अंजनी सिंह बाबा की घायल पत्नी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। घटना की जानकारी के बाद मुक्कू ओझा, विवेक शुक्ला, नीरज तिवारी, दिवाकर सिंह, आसिफ सिद्दीकी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस प्रशासन को घटना का शीघ्र खुलासा न करने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। संवाद
गोवंश लदी पिकअप व एक आरोपी को दबोचा
प्रतापगढ़। पुलिस ने गोवंश लदी पिकअप को बरामद करने के साथ ही उसे चलाने वाले युवक को भी दबोच लिया। पृथ्वीगंज चौकी प्रभारी ने शनिवार की रात घेराबंदी कर गोवंश लाद कर जा रही पिकअप को पूरे मोहन के पास रोक लिया। पुलिस को देख वाहन में सवार लोग गाड़ी खड़ी कर भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर अब्दुल रहीम पुत्र मोबीन निवासी कटरामेदनीगंज को दबोच लिया। जबकि जमील भागने में कामयाब रहा।संवाद