नगर पंचायत अंतू स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय के हॉस्टल से गुरुवार की रात को छात्रा गायब हो गई। जिसके चलते विद्यालय स्टॉप व जिले के अधिकारियों मे हड़कंप मच गया। विद्यालय की वार्डन ने देर रात अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। शुक्रवार सुबह छात्रा सकुशल थाना क्षेत्र के ही बैजलपुर गांव में चचेरे मामा के घर पर मिली। जिस पर पुलिस व विद्यालय ने राहत की सांस ली।
नगर कोतवाली के गोडे़ गांव निवासी इंद्र बहादुर की बेटी शालू (11) नगर पंचायत अंतू के बाबूगंज बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय सड़वा चंद्रिका में कक्षा छह की छात्रा है। 15 अप्रैल को छात्रा का कस्तूरबा गांधी विद्यालय में प्रवेश हुआ था। दो दिन पहले मां रीता उसे हॉस्टल में छोड़कर गई थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे छात्रा हॉस्टल से अचानक गायब हो गई।
हॉस्टल में खोजबीन के बाद वह नहीं मिली तो वार्डन ने मामले की सूचना परिजनों के साथ ही जिले के अधिकारियों को दी। सूचना पर परिजन वह जिले के अधिकारी भी आ गए। बगैर पुलिस को सूचना दिए उक्त लोग आसपास ढूंढने लगे। पता नहीं चला तो अधिकारियों के आदेश पर देर रात वार्डन मीरा यादव ने अंतू पुलिस को सूचना देते हुए अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस व परिजन छात्रा की रिश्तेदारी व आसपास खोजबीन करते रहे। शुक्रवार को छात्रा थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में अपने चचेरे मामा के घर पर मिली। तो पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार उसका मन हॉस्टल में नहीं लग रहा था। वह वहां पढ़ना नहीं चाहती थी। इसलिए वह वहां से भाग कर अपने चचेरे मामा के घर पहुंच गई। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल की वार्डन की सूचना पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। छात्रा अपने चचेरे मामा के घर पर मिली है। छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।