नकल करते पकड़ी गई छात्रा, निष्कासित
- एमडीपीजी में पहली पाली में गणित के पेपर के दौरान सचल दल ने पकड़ा
प्रतापगढ़। एमडीपीजी कॉलेज में परीक्षा दे रही छात्रा को आंतरिक सचल दल ने नकल करते हुए पकड़ लिया। केंद्राध्यक्ष ने छात्रा को परीक्षा से निष्कासित कर दिया। छात्रा की उत्तर पुस्तिका को सील कर विश्वविद्यालय भेज दिया गया है।
प्रो. राजेन्द्र सिंह(रज्जू)भैया विश्वविद्यालय की स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा 25 अप्रैल से चल रही है। शनिवार को पहली पाली में बीए तृतीय वर्ष हिंदी, बीएससी द्वितीय वर्ष जंतु विज्ञान और गणित की परीक्षा सुबह आठ से 11 बजे तक हुई। द्वितीय पाली में दोपहर एक से शाम चार बजे तक बीए द्वितीय वर्ष हिंदी, बीकॉम, बीएससी तृतीय वर्ष जंतु विज्ञान और गणित की परीक्षा कराई गई। एमडीपीजी परीक्षा केंद्र पर पहली पाली की परीक्षा के दौरान आंतरिक सचल दल ने कॉमन रूम में परीक्षा में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा को गणित के पेपर में नकल करते हुए पकड़ लिया। दल ने छात्रा के पास से नकल सामग्री को उत्तरी पुस्तिका के साथ सील कर जमा करा लिया। केंद्र प्रभारी प्रो. मनोज मिश्रा ने छात्रा को परीक्षा से निष्कासित कर दिया। जनसूचना अधिकारी डॉ. सीएन पांडेय ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर 15 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। पीजी कॉलेज पट्टी में 13, जयराज कुंवरि पीजी कॉलेज और पीबीपीजी में पांच, एसवीएम पीजी काॅलेज में आठ व एमएमपीजी कॉलेज में 26 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।