सांगीपुर(ब्यूरो)। उदयपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव निवासी राकेश की हत्या गोली मारने के साथ ही धारदार हथियार से की गई थी। तकिया में गोली मिलने से पुलिस की आशंका की पुष्टि हो गई। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गोली मारने व धारदार हथियार से घाव करने की बात सामने आई है। शुक्रवार को शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में राकेश का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसकी हत्या के आरोप में पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बैजलपुर गांव निवासी राकेश यादव (30) की बुधवार की रात सोते समय हत्या कर दी गई थी। पास में सो रहे परिवार के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लग सकी थी। सुबह जब काफी देर तक राकेश बिस्तर से नहीं उठा तो उसकी मां जगाने गई। देखा तो उसका रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा था। घटना में राकेश के मामा श्रीराम ने गांव के रामबली उसके बेटे शिवा और शंकर तथा पूरे टोडर निवासी लल्ले को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक राकेश की हत्या तमंचे व धारदार हथियार से की गई। है। मृतक राकेश की तकिया में 315 बोर की एक गोली बरामद हुई है। जिससे यह माना जा रहा है कि घटना में 315 बोर के तमंचे का प्रयोग किया गया था। एसओ संतोष दूबे का कहना है कि घटना में आरोपी लोगों से पूछताछ की जा रही है। राकेश के मोबाइल के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस का मानना है कि यदि राकेश के पास घटना के पहले मोबाइल था और घटना के बाद नहीं है तो यह अपने आप में एक बड़ी बात है। इससे जांच में काफी सहयोग मिल सकता है।