पाअब स्नातक के छात्र-छात्राओं को उत्तीर्ण होने के लिए 35 फीसदी अंक प्राप्त करने होंगे। इससे कम अंक प्राप्त करने पर परीक्षार्थी फेल माने जाएंगे। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज ने अपनी परीक्षा एवं परिणाम के पैटर्न में बदलाव किया है। दरअसल, अभी तक पास होने के लिए 33 प्रतिशत अंकों की जरूरत होती थी।
अब परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण होने के लिए 35 प्रतिशत अंक लाने होंगे। इससे कम प्राप्तांक वाले परीक्षार्थी फेल माने जाएंगे। राज्य विवि की परीक्षा समिति ने निर्णय लिया है कि छात्र-छात्राओं को तीन आंतरिक परीक्षाएं देनी होंगी। इन तीन परीक्षाओं में से जिन दो परीक्षाओं में छात्र बेहतर अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें ही वार्षिक परीक्षा के प्राप्तांकों के साथ जोड़ा जाएगा। हालांकि राविवि ने छात्र-छात्राओं को सहूलियत भी दी है।
पहले छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक और लिखित दोनों परीक्षाओं में 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी होता था। इस बार कुल प्राप्तांक में से 35 फीसदी अंक प्राप्त करने होंगे। 25 अंकों की आंतरिक परीक्षा के साथ 75 अंक की लिखित परीक्षा होगी। कुलसचिव एसके शुक्ल ने बताया कि परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण होने के लिये 35 फीसदी अंक प्राप्त करना होगा। जबकि पूर्व में यह मानक 33 फीसदी था। नया नियम इसी सत्र से स्नातक परीक्षार्थियों के लिए लागू किया जाएगा।