जिलास्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में स्टेडियम गर्ल्स टीम ने कांटे के मुकाबले में लाल बहादुर इंटर कॉलेज की टीम को मात दी। छह प्वाइंट अधिक प्राप्त कर टीम ने जीत का खिताब अपने नाम किया।
स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला पट्टी और स्टेडियम के बीच हुआ। स्टेडियम टीम ने पट्टी से 14 प्वाइंट अधिक प्राप्त कर फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला लाल बहादुर इंटर कॉलेज और साकेत बी टीम के बीच हुआ। लाल बहादुर टीम की महिला खिलाड़ियों ने शिकस्त देकर साकेत को मुकाबले से बाहर कर दिया।
लाल बहादुर और स्टेडियम गर्ल्स टीम के बीच बेहद ही कांटे का मुकाबला हुआ। स्टेडियम गर्ल्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 32 प्वाइंट प्राप्त किए। जबकि लाल बहादुर इंटर कॉलेज की टीम 26 प्वाइंट पर ही ढेर हो गई।
मुख्य अतिथि डॉ. सुमन झा ने विजेता और उप विजेता टीम को सम्मानित किया। कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ खेल का भी महत्व है। इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनमलता राज, वीरेंद्र प्रताप सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, लालजी तिवारी, आसिफ खान, कपिल गिरी, विमल कुमार, संजय सिंह, प्रिंस प्रजापति, जानी रमेश, पवन कुमार, सौरभ निर्मल मौजूद रहे।