सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव ने जिले के एक रसूखदार नेता पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया है। रविवार की शाम उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम से अपनी बात कही।
इसमें लिखा है कि एक लड़की को मोहरा बनाकर हमारे परिवार और भाई को फंसाने की साजिश रची जा रही है। इसके पहले शनिवार की शाम को कई ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। दावा किया गया कि इसमें सपा जिलाध्यक्ष किसी महिला से अश्लील बातें कर रहे हैं। इसको लेकर पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी गांव निवासी छविनाथ यादव समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर खलबली मचा दी। इसमें उन्होंने एक कद्दावर विधायक पर एक लड़की को मोहरा बनाकर मुकदमा दर्ज कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पोस्ट में कहा है कि उन्हें, उनके परिवार और छोटे भाई को राजनीतिक लड़ाई के चलते मुकदमे में फंसाना चाहते हैं। इससे उनकी हताशा साफ नजर आती है। यह भी कहा है कि उनके पदाधिकारियों के काले कारनामों का सबूत मेरे पास भी हैं।
अगर उन्हें और उनके परिवार को कुछ भी होता है इसके जिम्मेदार वही होंगे। इसके पूर्व शनिवार की शाम सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो वायरल हुए थे। दावा किया गया कि यह ऑडियो सपा जिलाध्यक्ष का महिलाओं से अश्लील बातचीत का है।
बातचीत में कथित तौर पर वह महिला से कई अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रहे हैं। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने शाम को फेसबुक पर षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया है।
एक लड़की से मेरे छोटे भाई के संबंध होने की बात कही जा रही है, जो मेरी जानकारी में नहीं है। लड़की हमारे भाई के बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है लेकिन उस पर दबाव बनाने के लिए उसे कोठी में बैठाया गया है।
छविनाथ यादव, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी।