अंतू के घोरहा लोहंगपुर में संपत्ति के लिए बेटे ने कुछ लोगों के साथ मिलकर रिश्ते का कत्ल कर दिया। कलयुगी बेटे ने पिता की हत्या को अंजाम दिया। सोमवार की शाम अंतिम संस्कार होते ही पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन करीबियों को भी हिरासत में लेकर पुलिस की तीन टीमें पूछताछ कर रही है। घोरहा लोहंगपुर निवासी किसान शिव शंकर शुक्ला शनिवार की रात से लापता थे। रविवार दोपहर बाद उनका शव पंपिंगसेट से सौ मीटर दूर जंगल में मिला। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस के अनुसार शिवशंकर की हत्या में उसका बेटा अपने करीबियों के साथ शामिल रहा।
वह पिता के न रहने पर पैतृक जमीन बेचकर आराम की जिंदगी गुजारना चाहता था। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। कुछ देर बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
दिल्ली से आए बड़े बेटे राहुल ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार होते ही पुलिस आरोपी छोटे बेटे को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की। सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि तीन टीमें लगाई गई हैं। प्रथम दृष्टया पिता की जमीन बेचकर अपनी जिंदगी जीने के लिए ही बेटे ने हत्या की। घटना में शामिल दूसरे लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।