चचेरे भाइयों पर गोली चलाने के बाद फरार चल रहे नियाज की तलाश में एसओजी टीम लगी है। एसपी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम चिह्नित स्थानों पर छापा मार रही है। पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्द ही नियाज को भी गिरफ्तार किया जाएगा। मामले से जुड़े सात आरोपियों ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर किया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के बिहारगंज बाजार में 17 जून 2025 को चचेरे भाइयों पर गोली चलाने वाले 16 आरोपियों पर आईजी प्रयागराज ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी थी। पूर्व में एसपी दीपक भूकर ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। करीब एक माह पहले कोतवाल सुभाष यादव ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
फिलहाल नियाज को छोड़कर हिस्ट्रीशीटर मस्सन अली सहित 15 आरोपी जेल में हैं। एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम को लगाया गया है। जल्द ही नियाज को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।