हथिगवां थाना क्षेत्र के कांटी अखैबरपुर गांव के पास सोमवार सुबह तस्कर बाइक से नौ दुर्लभ कछुए लेकर जा रहे थे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर दौड़ाया तो वह बाइक और कछुओं से भरा बोरा छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकले। सूचना पर वन दरोगा केशव प्रसाद टीम लेकर सुबह 8:10 बजे मौके पर पहुंचे।
पल्सर बाइक के पास पड़े बोरे से नवादा इंडियन सॉफ्ट शेल प्रजाति के नौ कछुए निकले। गनीमत रही कि सभी जिंदा थे। वन दरोगा ने साथियों के साथ कछुओं को कब्जे में ले लिया। खबर मिलते ही जिला वन अधिकारी आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि बरामद कछुए संरक्षित श्रेणी के हैं। इनकी तस्करी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आशंका है कि खेप किसी बड़े शहर भेजी जा रही थी। फरार तस्कर के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में एफआईआर दर्ज की गई है।
सभी कछुओं का डॉक्टरों से चेकअप कराया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की मंजूरी के बाद सभी को गंगा में छोड़ दिया गया। वहीं, बाइक नंबर से तस्कर की कुंडली खंगाली जा रही है। वन अधिकारी ने कहा कि वन्य जीवों की तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बाइक नंबर से तस्कर की डिटेल निकाली जा रही है।
जंक्शन पर पकड़े जा चुके हैं कछुआ तस्कर
बीते दिनों अमेठी के पकड़ी गांव की कुछ महिलाओं और युवाओं की कछुआ तस्करी में संलिप्तता पाई गई थी। पूर्व में जंक्शन पर भी कछुए पकड़े जा चुके हैं।