सुबह घने कोहरे की चादर तनी रही। शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई। हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर दृश्यता कम होन के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सुबह 10 बजे धूप निकलने के बाद ठंड से लोगों को कुछ राहत मिली। शाम होती गलन का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने रविवार को जिले में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
जिले में शुक्रवार देररात से सुबह तक घने कोहरे का सितम रहा। सर्द हवाओं ने गलन भरी ठंड का एहसास कराया। अलाव के सामने लोग डटे रहे। घरों में हीटर व ब्लोअर ने ठंड से राहत दिलाई।
शुक्रवार के सापेक्ष शनिवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई। दिन का तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की थोड़ी गिरावट हुई। रात का तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि रविवार को घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। शीतलहर चलने से दिन के साथ ही रात के तापमान में कमी होने से ठंड का असर अधिक रहेगा।