सोमवार को रानीगंज के ठकुआर पुर निवासी रमेश कुमार का पुत्री काजल (18),
अमेठी सुकुलपुर संग्रामपुर का गिरधारी लाल (65), रानीगंज जोलहापुर निवासी
श्यामशंकर की पुत्री नेहा (18), अंतू के कोलबझान का घेरऊप यादव (70), नगर
बेगम वार्ड का अतुल (20) व भुपियामऊ के रमेश (30) की ठंड लगने से तबीयत
खराब हो गई। ठंडी से इनकी हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल
पहुंचे। यहां उन सभी को डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया है।
डीएम अमृत त्रिपाठी के निर्देश पर नगर पालिका के जरिए किए गए अलाव जलवाने का दावा पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। शहर में कई जगह नगर पालिका या प्रशासन की तरफ से सोमवार को अलाव जलता हुआ नहीं दिखा। लोग खुद लकड़ी या कूड़ा करकट इकट्ठा कर अलाव जला तापते रहे। जिलाधिकारी ने एसडीएम को प्रत्येक दो घंटे में निरीक्षण का निर्देश दिया था। मगर पालिका के लोग एक बार अलाव जला गायब हो गए। प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो फिर कुछ स्थानों पर अलाव जला खानापूर्ति की गई। उसकी ओर से अलाव वहीं जलाए गए जहां उसे पता था कि अधिकारियों की नजर पड़ सकती है। यहां तक कि कलेक्ट्रेट और कचहरी में भी अलाव नहीं जला था। वकीलों ने डीएम से शिकायत की तो उनकी सख्ती पर वहां अलाव जलवाए गए। दो दिन से पड़ रही बेतहाशा ठंड में नगर पालिका का अलाव भी ठंडा पड़ गया। इससे यात्रियाें और व्यापारियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।