फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़ में अवैध शराब का कहर : दो सगे भाइयों समेत पांच की मौत, थानाध्यक्ष व लेखपाल सस्पेंड, एडीजी मौके पर

Thu, 01 Apr 2021 12:21 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रतापगढ़

सार

  • उदयपुर के कटरिया में तीन व राकी में एक मौत से मचा हड़कंप, आहड़ बीहड़ गांव में दो लोगों की संदिग्ध हालत में मौत
  • पंचायत चुनाव की शराब पीने के बाद बिगड़ी हालत, शराब पिलाने वाले संदिग्ध प्रधान पद के दावेदार की तलाश में जुटी पुलिस, एक हिरासत में
विज्ञापन
शराब की पेटियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में जहरीली शराब के कारोबार ने फिर सगे भाइयों समेत पांच लोगों की जान ले ली। उदयपुर के कटरिया गांव के चार व राकी के एक व्यक्ति की जहरीली शराब पीने से मौत हो गई, जबकि आहड़ बीहड़ गांव में दो लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शराब से चार लोगों के मौत की खबर से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा रहा। आनन-फानन में गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने लेखपाल तो एसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। मौके पर पहुंचे एडीजी प्रयागराज प्रेमप्रकाश ने मातहतों की क्लास लगाई। छानबीन में यह बात सामने आई है कि प्रधान पद के दावेदार ने इन लोगों को शराब पिलाई थी। एक प्रधान पद के दावेदार को हिरासत में भी लिया गया है। 

विज्ञापन

मिलावटी शराब का भंडाफोड़। - फोटो : prayagraj
उदयपुर थाना क्षेत्र के कटरिया निवासी प्रदीप कोरी (35) व उसका भाई दिलीप कोरी (50) मंगलवार को अपने मामा सिद्धनाथ कोरी निवासी राकी के साथ गांव में प्रधान पद के दावेदार के जुलूस में शामिल होने गए थे। रात करीब दस बजे दोनों भाई घर लौटे मगर मामा सिद्धनाथ साइकिल से अपने घर के लिए निकल गया। आधी रात के बाद अचानक प्रदीप की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी सांगीपुर पहुंचे। वहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। रास्ते में प्रदीप की मौत हो गई।

शव लेकर परिजन घर लौटे तो दिलीप की हालत बिगड़ गई। उसे रायबरेली ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई। दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बुधवार की सुबह सिद्धनाथ का शव अठेहा बाजार में मिला। मामा व सगे भाइयों के मौत की खबर से हड़कंप मच गया। कटरिया निवासी राममिलन कोरी ने भी मंगलवार की रात शराब का सेवन किया था। बुधवार की सुबह उसकी भी तबियत खराब थी। मगर वह अपनी ससुराल अमेठी चला गया। वहां पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए मुंशीगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब सवा नौ बजे उसकी मौत हो गई। गांव के रामपाल सरोज (45) की हालत बिगड़ गई। हालांकि प्राइवेट डॉक्टर से दवा लेने के बाद उसकी तबियत सुधर गई। मगर बुधवार दोपहर फिर हालत खराब हो गई। परिजन उसे सांगीपुर सीएचसी ले गए। उसने भी दम तोड़ दिया। पंाच मौतों की खबर से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। 
विज्ञापन

अवैध शराब
जानकारी के बाद थानाध्यक्ष उदयपुर मौके पर पहुंचे और सभी की मौत प्राकृतिक बताने लगे। हालांकि परिवार के लोग सभी के शराब पीने की बात करते रहे। मृतक प्रदीप के बेटे प्रवीण ने बताया कि सभी लोग प्रधान पद के दावेदार के जुलूस में शामिल होने गए थे, जहां सभी ने शराब पी थी। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी ओर आहड़ बीहड़ गांव के गिरिजा का पुरवा में राजकुमार प्रजापति (35) का बुधवार को तो गांव के ही रामकिशुन सरोज (60) की मंगलवार की रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई।

परिजनों ने रामकिशुन के शव का बुधवार को गांव में ही अंतिम संस्कार भी कर दिया। इनके परिजन शराब से मौत नहीं होने का दावा कर रहे हैं मगर गांव के लोगों का कहना है कि शराब पीने से दोनों की मौत हुई है। वहीं शराब पीने से गंभीर रूप से बीमार कटरिया के धर्मेंद्र सिंह का इलाज लखनऊ में चल रहा है। कटरिया के ही ओम प्रकाश (40) व उनके पिता शिव नारायण (65) की तबीयत भी खराब है। घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल व पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने लेखपाल संजय यादव व थानाध्यक्ष राकेश कुमार को निलंबित कर दिया।

मौके पर पहुंचे प्रयागराज के अपर आबकारी आयुक्त दिनेश सिंह व जिला आबकारी अधिकारी पार्थ रंजन भी छानबीन करते नजर आए। जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस व आबकारी की संयुक्त टीम को प्रत्येक पुरवों में जाकर शराब पीने से बीमार लोगों को चिह्नित कर अस्पताल भेजने का निर्देश दिया। कटरिया पहुंचे एडीजी प्रयागराज प्रेमप्रकाश ने भी अधिकारियों की क्लास लगाई। इसके पहले एडीजी ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें