उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पति ने पत्नी को मायके जाने से मना किया तो नाराज महिला ने अपने 4 साल के मासूम को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। मामले को छुपाने के लिए परिजनों ने मासूम को दफना दिया।
जानकारी के अनुसार, अंतू थाना इलाके के नगर पंचायत अंतू के पूरे बैजनाथ मोहल्ले के रहने वाला राकेश वर्मा राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी केश कुमारी (34) रविवार को होली के अवसर पर अपने मायके अंतू थाना क्षेत्र के गडंही पारा हमीदपुर जाना चाहती थी।
जिसे पति ने मना कर दिया। इससे पति पत्नी में काफी विवाद हुआ। रविवार को देर रात खाना खाकर पति राकेश वर्मा अपने घर से कुछ दूर पर बन रहे नए मकान की रखवाली के लिए सोने चला गया। पत्नी केश कुमारी अपने चार वर्षीय मासूम पुत्र युग को लेकर अपने कमरे में सोने चली गई।
सुबह भोर में पत्नी केश कुमारी उठी तो उस समय भी वह काफी गुस्से में थी। उसने अपने बगल सो रहे चार वर्षीय मासूम पुत्र युग को सब्जी काटने वाले चाकू से गोदकर मार डाला।