रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने जाने वाली बहनें दो दिन रोडवेज बसों से मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। परिवहन निगम 17 से 22 अगस्त तक स्पेशल बसों का संचालन करेगा। बहनों को 19 और 20 अगस्त को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान बस चालकों के साथ कर्मियों को ड्यूटी करने पर प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
बस स्टेशन से जिले के साथ ही कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज, लखनऊ, नई दिल्ली, गोरखपुर वाराणसी व अयोध्या रूट पर 85 बसें संचालित की जाएंगी। वहीं जिले के जिन रूटों पर भीड़ अधिक होगी वहां पर त्योहार के दिन अलग से बसें चलाई जाएंगी।
इसके साथ ही रक्षाबंधन पर अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। आपातकालीन स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत होगा। साथ ही 16 अगस्त को बस स्टेशन पर चालकों व परिचालकों की ड्यूटी और रूट लिस्ट चस्पा कर दी जाएगी। बसों की सघन चेकिंग के निर्देश विभागीय अधिकारियों ने दिए हैं।
बस अड्डे के अलावा रास्ते में रुकेंगी बसें
रक्षाबंधन के दौरान रास्ते में यात्री मिलने पर चालकों को बस रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान छह कार्य दिवसों में संविदा चालक व परिचालक को 1800 किमी का संचालन पूरा करने पर 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। डिपो पर तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये प्रतिदिन के अनुसार भुगतान होगा।
18 अगस्त की रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं की प्रदेश भर में यात्रा निशुल्क रहेगी। इस दौरान सभी चालकों, परिचालकों व कर्मियों के अवकाश रद्द रहेंगे। - राजेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम