भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार गुरुवार को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने रोली, चंदन लगाकर रंग-बिरंगी राखियों से भाइयों की कलाई सजाई। हर परिस्थितियों में रक्षा की कामना करते हुए आरती उतारी और फिर मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया और उन्हें उपहार भेंट किया।
सुबह होते ही बहनों में भाइयों की कलाई में राखी बांधने को लेकर गजब का उत्साह दिखा। बहनों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। दर्शन- पूजन करने के बाद घर आकर रोली, चंदन, राखी से थाल सजाई। इसके बाद उन्हें इंतजार था शुभ मुहूर्त का। बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली, चंदन का टीका लगाया। आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। शहर के स्टेशन रोड, शिवपुरी, जोगापुर, पल्टन बाजार, अष्टभुजानगर, मीराभवन सहित मोहल्लों में राखी का पर्व दिनभर चलता रहा। रानीगंज पट्टी, लालगंज व कुंडा का भी रहा। शहर से लेकर गांव तक रक्षाबंधन की धूम रही।
जिला कारागार में बंदियों को बहनों ने बांधी राखी
जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को राखी बांधने के लिए बहनों की कतार लगी रही। प्रवेश मिलने के बाद बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई प्रेम व स्नेह के धागे से सजाई। उनकी आरती व ईश्वर से उनके मंगल कामना की। सुबह छह बजे से ही जिला कारागार में बहनों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ अधिक होने से सुरक्षा जवानों द्वारा बहनों को कतार में लगने को कहा गया। गेट खुलने पर एक-एक कर बहनों को प्रवेश दिया गया।
दिव्यांगों की सजाई कलाई, दिए उपहार
एलायंस क्लब इंटरनेशनल के पदाधिकारियों भगवाचुंगी स्थित राजकीय अक्षम विद्यालय में दिव्यांग बच्चों संग रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। क्लब की महिला पदाधिकारियों ने दिव्यांगों की कलाई पर राखियां बांधकर उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान उपहार व मिठाई आदि भी भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। क्लब के इंटरनेशनल एडवाइजर समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य ने कहा कि हर साल यह कार्यक्रम आयेाजित किया जाता है। इससे बच्चों का उत्साह बढ़ता है। इस अवसर पर पूनम गुप्ता, संतोष कुमार, छेदीलाल, देवानंद, सुधा, अशोक कुमारी, ज्योति, मेघा आदि मौजूद रहीं।
जिला कारागार में बंद भाई को राखी बांधने आयी बहनें अंदर जाने के लिए रजिस्टर में नाम दर्ज कराती हुई?- फोटो : PRATAPGARH
दिलीपपुर में रक्षाबंधन पर छोटे भाईयों की आरती करती बहन।- फोटो : PRATAPGARH