कचहरी परिसर में सोमवार की शाम करीब तीन घंटे चली स्वास्थ्य समिति की बैठक में नाराज डीएम डॉ. नितिन बंसल ने डिप्टी सीएमओ पर नाराजगी जताकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक में स्वास्थ्य कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों व अन्य को निर्देश दिया।
प्रगति के आंकड़ों को पोर्टल पर समय से अंकित करने की सलाह दी गई। अर्बन आशाओं के ट्रेनिंग की गलत रिपोर्ट देने, जोगापुर में अर्बन पीएचसी न खुलने के कार्यों में लापरवाही पर डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश गिरि को डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
समीक्षा में पाया गया कि हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य संंबंधी कार्य नही किए जा रहे हैं, डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि सेंटर पर तैनात सीएचओ एवं अन्य संबंधित के साथ बैठक कर उनकी ट्रेनिंग कराएं, जिससे स्वास्थ्य कार्य सुचारू रूप से चल सके। जो भी सेंटर अभी अधूरे है उन्हें जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना का संचालन पूर्ण गुणवत्ता और मानक के अनुरूप करने और जननी सुरक्षा योजना का भुगतान शत प्रतिशत कराने की सलाह दी गई। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड की प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने सीएमओ को सीतापुर आंख का अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के लिए निर्देशित किया। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के संचालन, जन्म मृत्यु पंजीकरण, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, दवाओं की उपलब्धता, प्रसव केन्द्र, एफआरयू, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम सहित अन्य बिंदुओं पर निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला, डीडीओ ओम प्रकाश मिश्र और डबीपीएम राजशेखर सहित सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।