कोहडौर थाना क्षेत्र के सराय रजई में जामुन बीनने के विवाद में मारपीट व फायरिंग के बाद पहुंची पुल
जामुन बीनने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई राउंड फायरिंग होने से इलाके में दहशत का माहौल है। फायरिंग में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस फोर्स पहुंचते ही हमलावर धमकी देकर भाग निकले।
कंधई थाना क्षेत्र के सराय रजई अमारी निवासी इसरार के अनुसार, बच्चे सुबह करीब छह बजे घर से सौ मीटर दूर जामुन बीनने गए थे। पड़ोसी बब्बन के परिजन जामुन बिनने का वीडियो बनाने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान विपक्षियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोली लगने से मो. इसरार (30) जमीन पर गिर पड़े। मारपीट में इसरार का छोटा भाई मोनू (20), मो. शफीक (45) के साथ सुल्तानपुर के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी हलीम (40) भी घायल हो गए।
सूचना पर सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी दो थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले। घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। इसरार की हालत गंभीर बनी हुई है।
वर्जन
पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। - मनोज रघुवंशी, सीओ पट्टी