तीन दिन पहले पशु तस्करों की गोली से घायल हुए पुलिस जवान आखिर मौत से हार गया। सिपाही सत्यप्रकाश (30) ने शनिवार सुबह लखनऊ मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। इनायतनगर थाने में तैनात सत्यप्रकाश यहां अकेला ही रहता था। शहीद सिपाही को शनिवार शाम पुलिस लाइन में अंतिम सलामी देने के बाद शव को परिवारीजनों के साथ प्रतापगढ़ स्थित पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया।
बीते बुधवार की रात इनायतनगर थानांतर्गत हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के सिपाही गश्त पर निकले थे। ग्रामीणों की सूचना पर चिरंगीबीर के बाग में पुलिस टीम पहुंची तो पशु तस्कर ट्रक पर वध प्रतिबंधित पशुओं को लादने जा रहे थे। अचानक पुलिस दल को देखकर तस्करों ने पेड़ की आड़ से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली सिपाही सत्यप्रकाश को लग गई और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। साथी सिपाही जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग कर छिप गए।
काफी देर बाद पहुंची इनायतनगर थाना पुलिस ने घायल सिपाही को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। शनिवार सुबह लखनऊ में उपचार के दौरान सत्यप्रकाश की मौत हो गई। शहीद सिपाही सत्यप्रकाश प्रतापगढ़ जिले के अन्तू थाना क्षेत्र के नरिया गांव का रहने वाला था। सत्यप्रकाश से तीन वर्ष की एक पुत्री है और दो भाई भी हैं। इसी पांच जून को सत्यप्रकाश को एक और पुत्री की प्राप्ति हुई थी, जिसके मूल शांति की पूजा और जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में तीन जुलाई को घर पर कार्यक्रम रखा गया था।