हाथरस में दरिंदगी की घटना को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच जिले में भी सात साल की बिटिया से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंधई इलाके के एक गांव में दरवाजे पर खेल रही सात साल की बेटी को गांव का ही युवक शौचालय में उठा ले गया और उसके साथ दुराचार किया। दरिंदगी के बाद उसने बेटी को बुरी तरह धमकाया।
इससे वह सहम गई और किसी से कुछ नहीं बताया। 22 सितंबर को हुई घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। सप्ताह भर बाद तीस सितंबर को अचानक हालत खराब होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। परिजनों की शिकायत के बाद कंधई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंधई थाना क्षेत्र के एक गांव की सात वर्षीय बालिका 22 सितंबर की शाम अपने घर के दरवाजे पर खेल रही थी। इस बीच गांव का ही अमन वर्मा वहां पहुंच गया।
आरोप है कि वह बेटी को उठाकर शौचालय में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बालिका को बुरी तरह धमकाया। कहा कि यदि किसी से बताया तो तुम्हारी गर्दन काट दूंगा। इससे बेटी बुरी तरह सहम गई। अगले दिन उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजन आसपास ही उसका इलाज कराते रहे। तीस सितंबर को हालत ज्यादा खराब होने पर उसे जिला महिला अस्पताल लाया गया।
तब पूछने पर उसने रोते हुए मां को घटना के बारे में बताया। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, परिजनों की शिकायत पर कंधई पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी अमन वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। कंधई थाना प्रभारी तुषार त्यागी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अरोपी अमन वर्मा के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
युवती को झांसा देकर प्रेमी ने दुष्कर्म करता रहा। गर्भवती होने पर शादी करने से इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि जब उसकी शादी दूसरी जगह तय होती है वह उसमें भी अड़ंगा लगाने लगा। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद वह करीब छह साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसके चलते उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि दूसरी जगह शादी तय होने पर वह अड़ंगा लगाने लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।