कोरोना संक्रमण काल में शिक्षकों की लापरवाही छात्रों के लिए मुसीबत बन गई है। आनलाइन क्लास न चलने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। विश्वविद्यालय के आदेश के बावजूद शिक्षक मनमानी कर रहे हैं। जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वैश्विक महामारी कोरोना के चलते प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय ने कालेजों को आनलाइन क्लास संचालित करने के लिए आदेश दिया है। खास बात यह है कि 31 जुलाई तक कालेजों को बंद रखने का आदेश विश्वविद्यालय ने दिया है, लेकिन आनलाइन क्लास पूर्व की तरह जारी रहने को भी कहा है। इसके बावजूद शिक्षक मनमानी कर रहे हैं।
आनलाइन क्लास न चलने से परास्नातक और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एक सेमेस्टर सत्र पूरा होने के बाद दूसरा सत्र शुरु हो गया है, लेकिन पढ़ाई के नाम पर एक अक्षर भी उन्हें नहीं बताया गया। वहीं स्नातक की क्लास भी संचालित नहीं की गई है। हालांकि उनका भी सत्र बीत गया है। स्नातकों का नया सत्र 15 जुलाई के बाद से शुरू होना है।
इसके बावजूद शिक्षकों ने अभी आनलाइन क्लास चलाने की कोई तैयारी नहीं की है। जिले में 159 कालेज संचालित हो रहे हैं। कुछ एक कालेजों को छोड़ दिया जाए तो अन्य किसी भी कालेज ने आनलाइन क्लास संचालित नहीं की है।
सभी कालेजों को आनलाइन क्लास संचालित करने का आदेश दिया गया है। छात्रों के द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शेषनाथ पांडेय, कुलसचिव, राज्य विवि।