सिपाही के हमलावर शातिर बदमाश को मुठभेड़ में पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों को एक युवक ने सोशल मीडिया पर धमकी दी है। पिस्टल के साथ उसका फोटो वायरल हुआ है। उसने पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही चौकी उड़ा देने की बात लिखी है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस छानबीन कर रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी रणजीत सिंह के ऊपर कई मुकदमे दर्ज थे। भुपियामऊ में सिपाही पर जानलेवा हमला करने के साथ ही एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर रुपए उड़ाने वाले गिरोह में उसका नाम आया था। काफी दिनों से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। उसके ऊपर 25000 का इनाम भी घोषित किया गया था। गत दिनों मानधाता व नगर कोतवाली पुलिस ने नरवा में मुठभेड़ के दौरान रणजीत सिंह को दबोच लिया था। सोशल मीडिया पर असलहे के साथ वायरल तस्वीर में एक युवक ने इसे लेकर पुलिसकर्मियों को धमकी देते हुए पोस्ट डाली है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि वायरल तस्वीर की जांच कराने के बाद युवक की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।
रास्ते के विवाद में पड़ोसियों ने महिला को पीटा
अंतू थाना क्षेत्र के सकतपुर निवासी कुसुम देवी पत्नी लालजी वर्मा ने अंतू पुलिस को तहरीर देकर पड़ोसी पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पड़ोसी से रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद है। गुरुवार देर शाम वह विवादित रास्ते से होकर घर आ रही थी। तभी पड़ोसी जगदीश तथा उनके परिवार के लोगों ने उसे आने-जाने से मना करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है।
स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे खोल ले गए चोर
ालेज के कमरों में लगेे सीसीटीवी कैमरे चोर खोल ले गण्। जानकारी होने पर कालेज प्रबंधक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पं. बृजभूषण इंटरमीडिएट कालेज कल्याणी धाम, पूरबपट्टी के कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरे चोर खोल ले गए। स्कूल के प्रबंधक सत्यप्रकाश पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
करंट लगने से मजदूर की मौत
करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। नगर कोतवाली के गड़ई चकदेइया निवासी सुरेश पुत्र लालमणि भुपियामऊ में मजदूरी करने गया था। एक दुकान पर सीसीटीवी कैमरा लगाने में मदद करते समय वह करंट की चपेट में आ गया। इससे वह झुलस गया। लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
चोरी की बाइक के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। कोतवाली पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस बदमाशों का इंतजार करने लगी। इसी बीच युवक चोरी की बाइक लेकर पहुंच गए। पुलिस के मांगने पर वह कागजात नहीं दिखा सके। कड़ाई से पूछताछ के बाद पता चला कि बाइक चोरी की है। आरोपियों की पहचान पूरे बेतुआ निवासी पंकज गौतम पुत्र राधेश्याम और फुलवरिया टेऊंगा निवासी अनिल कुमार पुत्र मानिकराम के रूप में हुई।