हथिगवां के बटौवा परसीपुर में पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे सिद्धार्थ मिश्रा को बृहस्पतिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया। उसकी करतूत से मां, भाई व बहन सदमे में हैं। बताया जा रहा कि बात-बात पर डांटे जाने की वजह से वह पिता से खुन्नस रखने लगा था और 26 अगस्त को उसने हत्या की।
बटौवा परसीपुर के रहने वाले विनोद मिश्र की उसके बेटे ने रात दो बजे फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने घटना के बाद भाग रहे आरोपी बेटे सिद्धार्थ को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सिद्धार्थ ने बताया कि पिता छोटी-छोटी बात में डांटते थे। जरूरत का सामान लेने के लिए रुपये भी नहीं देते थे और गालीगलौज करते हुए तंज कसते थे।
विरोध करने पर विवाद की नौबत आ जाती। परिवार के लोग रोकते तो उनसे भी लड़ाई हो जाती थी। मृतक की पत्नी सुशीला देवी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ दर्ज केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे सिद्धार्थ को जेल भेजा। कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। साक्ष्य संकलित करने के बाद उसे जेल भेजा गया।