आसपुर देवसरा के सैफाबाद स्थित विद्यालय परिसर में आग लगने से जला स्कूल वाहन। सोशल मीडिया
स्कूल के बच्चों को उतारने के बाद परिसर में खड़े स्कूली वाहन (मैजिक) में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से लपटें उठने लगीं। इससे स्कूल व आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सैफाबाद बाजार स्थित डीआरएम कॉन्वेंट स्कूल में एक मैजिक वाहन बच्चों को लाने व घर पहुंचाने के लिए विद्यालय प्रबंधक हितेश गुप्ता ने खरीदा था। वाहन को घनश्याम गुप्ता चलाता था। सोमवार की सुबह स्कूल में बच्चों को उतारने के बाद चालक ने विद्यालय परिसर में ही वाहन खड़ा कर दिया।
करीब 11:15 बजे अचानक वाहन में आग लग गई। इससे विद्यालय परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। स्कूल से सबमर्सिबल चलाकर स्टाफ व बच्चों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह से जल चुका था।
गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पट्टी सीओ मनोज रघुवंशी ने बताया कि वाहन के बारे में छानबीन के लिए उप संभागीय परिवहन विभाग को पत्र भेजा जाएगा। एआरटीओ वीके सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंधक बोले- कई वर्ष पहले खरीदा था वाहन
विद्यालय के प्रबंधक हितेश गुप्ता ने बताया कि कई वर्ष पूर्व वाहन खरीदा गया था। कागजात के बारे में पूछने पर वह कुछ नहीं बता सके। लोगों का कहना है कि यदि बच्चों को लेकर जाते समय स्कूली वाहन में आग लगी होती तो बड़ी घटना हो जाती।
आसपुर देवसरा के सैफाबाद स्थित विद्यालय परिसर में आग लगने से जला स्कूल वाहन। सोशल मीडिया