जिले के कक्षा एक से बारह के स्कूलों में बुधवार को सत्र का समापन हो गया। इंटर कॉलेजों में बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने वाले बच्चों का सम्मान किया गया, जबकि प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में 30 मई तक पठन-पाठन होने की अफवाह से शिक्षक-शिक्षिकाएं परेशान रहे। हालांकि बीएसए ने स्पष्ट किया है कि शिक्षासत्र का समापन 20 मई को कर दिया गया है।
बुधवार को शिक्षासत्र का समापन कर दिया गया। इंटर कॉलेजों में हाल में ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट में अच्छा अंक पाने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। बेलखरनाथधाम ब्लाक के केआर इंटर कॉलेज शीतलागंज में कार्यक्रम का आयोजन कर इंटरमीडिएट में काजल वर्मा और हाईस्कूल में सबसे अधिक अंक पाने वाली तृषा पांडेय को प्रिंसिपल डा.केसी पांडेय ने सम्मानित किया। संडवा चंद्रिका ब्लाक के इंटरमीडिएट कॉलेज छतरपुर में प्रिंसिपल सूर्यभान सिंह ने सत्र के समापन पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कक्षा में स्थान बनाने बच्चों को पुरस्कृत किया।
इस मौके पर बीएन सिंह, इंद्रकुमार सिंह, मनोज सिंह, अजय सिंह, आरबी सिंह, अनिल कुमार विश्वकर्मा, गंगाराम यादव आदि मौजूद रहे। भुपियामऊ स्थित एमबीएस स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन कर प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर शीला श्रीवास्तव, अनुप्रिया कसौधन, उमा शुक्ला, नमिता शर्मा, अनुपमा मिश्र, निधि शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इधर, बेसिक शिक्षा विभाग में सत्र समापन को लेकर तरह-तरह की अफवाह रही। कुछ शिक्षक नेता 30 मई को सत्र समापन की बात कहकर साथियों को गुमराह कर रहे थे। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि सत्र समापन बीस मई को हो गया है।