फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाली के पानी ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत

Tue, 19 May 2015 11:42 PM IST
ब्यूरो।अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
 नाली का पानी सड़कों की जवानी छीन ले रहा है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कें वक्त से पहले बूढ़ी होकर दम तोड़ दे रही हैं। जलनिकासी के अभाव में घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जा रहा है। इससे लाखों-करोड़ों की लागत से बनने वाले हाईवे और दूसरी सड़कें उखड़ जा रही हैं। शहर से लेकर गांव तक यह समस्या है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में ही दिक्कत को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी होती ही है, सरकार का खजाना खाली हो रहा है।
विज्ञापन



शहर से सटे करनपुर ग्रामसभा के पूरे पितई से देवकली होते हुए सरोज चौराहे पर निकलने वाला मार्ग अभी एक वर्ष पहले पहले ही बना था। इसके लिए यूथ कांग्रेस के नेता नीरज तिवारी को लोगों के साथ सड़क पर उतरकर संघर्ष करना पड़ा था। आंदोलन के चलते लोनिवि ने लाखों खर्च कर जनता के हित में सड़क का निर्माण तो करा दिया, लेकिन जलनिकासी की समस्या जस की तस रही। नतीजा गर्मी में इलाहाबाद-फैजाबाद हाइवे से लगी सड़क की दशा बद से बदतर हो गई है। करीब तीस मीटर तक पैदल और साइकिल सवार लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। बाइक सवार भी सड़क पर हुए जलभराव में गिरते नजर आते हैं। अब फिर से जलनिकासी के प्रबंध के साथ ही बदहाल सड़क की मरम्मत कराने के लिए लोगों को आंदोलन करना होगा।


दूसरी ओर स्टेशन रोड पर भी जलनिकासी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। निर्मल तिराहे से स्टेशन तक बनी सड़क का बुरा हाल है। स्टेशन तिराहे पर लोगों के घरों का गंदा पानी भरता है। हैंडपंप का पानी भी सड़क पर ही आ रहा है। हाल ही में नगर पालिका ने मीठे पानी की सप्लाई के लिए बोरिंग भी कराई है। इसके चलते पार्क के करीब बनी सड़क बदहाल हो चुकी है। शिकायत के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी वहां की समस्या देखने तक नहीं पहुंचा। कमोबेश यही हाल लालगंज कस्बे की भी है। वहां जलनिकासी के लिए भले ही नाले का निर्माण कराया गया है, लेकिन दुकानदारों की गंदगी से नालियां पटी पड़ी हैं। इससे लोगों के घरों का पानी हाइवे से लेकर दूसरी बेहतर सड़कों को बर्बाद कर रहा है। हीरागंज बाजार की भी यही हालत है। सड़क तो बन रही है, लेकिन जलनिकासी के लिए कोई उचित प्रबंध नहीं है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लाखों-करोड़ों की लागत से बनी सड़कें बर्बाद हो रहीं हैं और सरकार की मंशा पर पानी फिर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें