संगम की रेती पर कुंभ को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए ब्रांडिंग में जुटी योगी सरकार प्रदेश के सभी जिलों में हर गांव-बाजार में जाएगी। एलईडी वाहन से घूम-घूमकर कुंभ की महत्ता, इसके पौराणिक महत्व के साथ-साथ सरकार की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। शासन की तरफ से सोमवार को कुंभ की ब्रांडिंग के लिए एलईडी वाहन प्रतापगढ़ पहुंचा। अब अगले एक महीने तक इसके जरिए लोगों को कुंभ चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रयागराज में 15 जनवरी से 4 मार्च तक होने वाले कुंभ की भव्यता के लिए योगी सरकार ने पूरी ताकत झोंक रखी है। देश-विदेश में ‘यूपी नहीं देखा तो इंडिया नहीं देखा’ के स्लोगन के साथ जहां कुंभ का ब्रांडिंग की जा रही है, वहीं प्रदेश के जिलों में अब सरकार ‘चलो कुंभ चलें’ के नारे साथ गांव-गांव और सभी प्रमुख कस्बों में पहुंचेगी। इसके तहत सोमवार को एक एलईडी वाहन प्रतापगढ़ पहुंचा। अगले एक महीने तक जिले के सभी गांवों और बाजारों में इस एलईडी के जरिए लोगों को कुंभ के इतिहास, इसकी महत्ता और प्रमुख स्नान पर्वों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
वीडियो फिल्म के जरिए अखाड़ों के शाही स्नान, प्रयागराज के अन्य प्रमुख महत्वपूर्ण स्थानों के बारे में भी बताया जाएगा। सरकार कुंभी में अपनी ओर से मुहैया कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताएगी। कुंभ में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस टेंट सिटी और सहायता शिविरों से लोगों को परिचित कराया जाएगा।
कुंभी की ब्रांडिंग के लिए जिले में भेजी गई एलईडी वैन को सोमवार को जिलाधिकारी शंभु कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सूचना और जनसंपर्क विभाग की तरफ से लखनऊ से आई एलईडी वैन जिलाधिकारी आवास पहुंची। जहां से उसे जिलाधिकारी ने जिले में लोगों को कुंभ के बारे में जानकारी देने के लिए रवाना किया। इस मौके पर एडीआईओ सविता यादव समेत सूचना विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
पहले दिन भगवाचुंगी चौराहे पर लोगों को दी गई जानकारी
कुंभ की ब्रांडिंग के लिए पहुंची एलईडी वैन से पहले दिन सोमवार को भंगवाचुंगी चौराहे पर लोगों को फिल्म दिखाई गई। अगले दो-तीन दिनों तक शहर में लोगों को कुंभ से जुड़ी सूचनाएं दी जाएगी। इसके बाद वैन को ग्रामीण इलाकों में भेजा जाएगा।