कुंडा के विधायक और पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया की नई पार्टी के नाम को लेकर दो महीने से चल रहे कयासों पर विराम लग गया है। राजाभैया की नवगठित पार्टी का नाम जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) होगा। चुनाव आयोग ने इस नाम पर अपनी मुहर लगा दी है।
कुंडा से लगातार छह बार से विधायक राजाभैया ने राजनीति में 25 साल पूरे होने पर नई पार्टी के गठन की घोषणा की थी। करीब दो महीने पहले उन्होंने नई पार्टी के गठन के लिए चुनाव आयोग में आवेदन किया था। राजाभैया की तरफ से चुनाव आयोग में नई पार्टी के लिए जनसत्ता पार्टी, जनसत्ता दल और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) नाम दिए गए थे। 30 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई मैदान में जुटे समर्थकों के बीच ही नई पार्टी के नाम का ऐलान करने की तैयारी थी, लेकिन तब तक चुनाव आयोग ने पार्टी का नाम फाइनल किया। सोमवार को चुनाव आयोग ने जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के नाम पर अपनी मुहर लगाई।
इसकी जानकारी होने के बाद राजाभैया के समर्थक खुशी से झूम उठे। सेामवार को प्रताप सदन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी ने बताया कि आयोग ने जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के नाम पर अपनी सहमति दी है। पार्टी के नाम तय होने के बाद अब पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर का दौरा किया जाएगा। इस मौके पर मीडिया प्रभारी मुक्कू ओझा, पूर्व प्रमुख विवेक त्रिपाठी, लाल साहब, विनय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।