प्रतापगढ़। पुलिस लाइन स्थित मस्जिद में बाहरी लोगों को नमाज अदा करने पर रोक लगाए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने रविवार को डीआईजी प्रयागराज से मुलाकात की। सीएम को संबोधित ज्ञापन देकर पुलिस लाइन में जुमा की नमाज अदा करने के लिए बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगी रोक हटाए जाने की मांग की।
पुलिस लाइन परिसर में स्थित मस्जिद में बाहरी लोगों को शुक्रवार के दिन नमाज अदा करने पर एसपी ने रोक लगा दी है। इसे लेकर पुलिस अफसरों से एआईएमआईएम नेताओं के साथ पुलिस की तीखी झड़प भी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में तीन नामजद और कई अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी, अल्पसंख्यक सभा के अध्यक्ष गुलफाम खां, सद्दाम हुसैन, वासिक खान, शमीम आदि लोगों ने रविवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन डीआईजी को सौंपा। इसके माध्यम से जुमा के दिन बाहरी लोगों को नमाज अदा करने के लिए मस्जिद तक जाने के लिए अनुमति मांगी। इन लोगों का कहना है कि पहले भी लोग यहां नमाज अदा करने जाते थे। अभी तक कभी इसका विरोध नहीं किया गया। जानबूझकर इस मामले को तूल दिया जा रहा है।