शादी कार्यक्रम में पहुंचे बीए की पढ़ाई करने वाले दो छात्रों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर सदर विधायक राजेंद्र मौर्य के बेटे पिंटू मौर्य व अन्य लोगों पर बेल्ट से पिटाई का आरोप लगाया है। मामले में विधायक पुत्र का दावा है कि चोरी की आशंका पर उनके होटल के कर्मचारियों ने पिटाई की थी। मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।
नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के महुली वार्ड में रहने वाले बीए के छात्र आशीष व उसके सहयोगी ने रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आरोप लगाया है कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सदर विधायक के चिलबिला स्थित होटल में गए थे। चोरी का आरोप लगाकर दोनों को विधायक के बेटे पिंटू मौर्य व उनके साथियों ने बेल्ट से पीटा। मामले में पीड़ितों ने कार्रवाई की मांग की है, लेकिन लिखित रूप से कोई शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से नहीं की गई है।
इधर, पिटाई के आरोप पर दावा करते हुए सदर विधायक राजेंद्र मौर्य के बेटे पिंटू मौर्या ने बताया कि होटल में कई बार चोरी की घटना हुई इस पर कर्मचारी संदिग्धों की जांच करते हैं। शादी कार्यक्रम में दोनों टहल रहे थे। सीसीटीवी की जांच के बाद दोनों को कर्मचारियों ने पकड़ा था। सूचना मिली है कि होटल के कर्मचारियों न दोनों को पीटा था।