बाइक से घर जा रहे टाइनी शाखा संचालक से तमंचे के बल पर बदमाश रुपये व लैपटाॅप लूटकर भाग निकले। पड़ोसी गांव में बदमाशों ने मोबाइल फेंक दिए। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के ढेमा निवासी बृजेंद्र प्रताप सिंह तरौल चौराहे पर ग्रामीण बैंक की टाइनी शाखा संचालित करता है।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह शाखा बंद कर बाइक से घर जा रहा था। ढेमा गांव की सीमा पर पहुंचते ही बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया।
पहले तो एक बदमाश ने बाइक की चाभी निकाल ली। दूसरे ने बैग छीन लिया। जिसमें 35 हजार रुपये, लैपटाप था।
बदमाश उसका मोबाइल भी छीन लिए। विरोध करने पर धमकाते हए कटरा गुलाब सिंह की ओर भागे। टाइनी संचालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे भाग निकले। बदमाश मोबाइल स्कूल के पास फेंक दिए।
मानधाता थानाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। घटनास्थल से लेकर तरौल के बीच लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों की तलाश की जा रही है।
........