पट्टी से दिल्ली के लिए परिवहन निगम रोडवेज बस का संचालन शुरू कर दिया है। यह बस सुबह 11 बजे पट्टी से रवाना होकर शाम पांच बजे दिल्ली पहुंचेगी। रात्रि में दिल्ली से चलकर प्रतापगढ़ डिपो होते हुए पट्टी जाएगी।
पट्टी बस स्टैंड से कभी वाराणसी, दिल्ली, प्रयागराज और फैजाबाद के लिए परिवहन निगम के बसों का संचालन होता था। बस स्टैंड जर्जर हो गया तो बसों के संचालन पर रोक लगा दी गई। इससे पट्टी के लोगों को कानपुर और दिल्ली के साथ लखनऊ का भी सफर भारी पड़ने लगा। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को देखते हुए परिवहन निगम के एमडी को पत्र भेजकर दिल्ली, कानपुर और लखनऊ के लिए बस संचालन की मांग की थी।
एमडी के आदेश पर बीते दो माह पहले पट्टी से लखनऊ के बीच बस का संचालन एआरएम पीके कटियार ने शुरू कर दिया। अब दिल्ली के लिए बस का संचालन शुरू हुआ है। एआरएम ने बताया कि बस सुबह 11 बजे पट्टी से चलकर प्रतापगढ़, कानपुर होते हुए शाम पांच बजे दिल्ली पहुंचेगी। पट्टी से निगम की बसों के संचालन से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।